बदायूं (उप्र), 12 मार्च (RNN)। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के यहां स्थित इथेनॉल संयंत्र में बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक कार्यालय के भीतर दो वरिष्ठ अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सेजनी गांव स्थित एचपीसीएल इथेनॉल संयंत्र में हुई।
जिलाधिकारी अवनीश राय के अनुसार, संयंत्र के महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता (58) और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
अधिकारियों के मुताबिक सेजनी गांव निवासी आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू पहले इथेनॉल संयंत्र में विक्रेता के रूप में काम करता था।
सूत्रों ने बताया कि महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता ने हाल ही में कुछ कर्मचारियों की छंटनी की थी और जिन विक्रेताओं का काम संतोषजनक नहीं था उन्हें काली सूची में डाल दिया था। हटाए गए लोगों में आरोपी भी शामिल था।
बताया गया कि आरोपी ने कथित तौर पर पहले भी गुप्ता को कई बार धमकियां दी थीं और उनकी कार पर हमला भी किया था। इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी तथा बाद में दातागंज कोतवाली में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सिंह बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे संयंत्र में पहुंचा और उसने कथित तौर पर महाप्रबंधक पर गोली चला दी। जब सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा ने हस्तक्षेप करने का प्रयास किया तो हमलावर ने उन पर भी गोली चला दी, जिससे दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि आरोपी हथियार के साथ उच्च सुरक्षा वाले संयंत्र परिसर में कैसे प्रवेश कर गया और बिना तलाशी के कार्यालय क्षेत्र तक कैसे पहुंच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
