बस्ती और सिद्धार्थनगर में गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, प्रशासन ने कहा- कमी नहीं

बस्ती/सिद्धार्थनगर (उप्र), 12 मार्च (RNN)। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर ईंधन संकट की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश के बस्ती और सिद्धार्थनगर जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।

सूत्रों के अनुसार, बस्ती जिले के बनकटी ब्लॉक के महादेवा चौराहे पर स्थित एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए तड़के चार बजे से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। सुबह करीब सात बजे एजेंसी का दरवाजा खुलते ही लोग सिलेंडर लेने के लिए तेजी से अंदर की ओर दौड़ पड़े।

बताया गया कि इस दौरान कई लोग सिलेंडर सिर और कंधे पर रखकर जल्दी-जल्दी निकलते दिखाई दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने की अफवाह के चलते लोग जल्द से जल्द सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर उमड़ पड़े।

लोगों का कहना है कि जिले में कई स्थानों पर लोग गैस सिलेंडर के लिए भटकते नजर आए, खासकर वे परिवार अधिक परेशान हैं जिनके घरों में विवाह या अन्य समारोह होने वाले हैं।

बस्ती के जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार शुक्ल ने कहा कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जिले में उज्ज्वला योजना के लगभग 2.07 लाख और सामान्य श्रेणी के करीब तीन लाख उपभोक्ता हैं।

उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति करने वाली कंपनियों ने नया नियम लागू किया है, जिसके तहत अब 80 प्रतिशत गैस बुकिंग ‘वन टाइम पासवर्ड’ (ओटीपी) के माध्यम से होगी, जबकि पहले यह सीमा 30 प्रतिशत थी। इसके कारण कई कनेक्शन अस्थायी रूप से नियमित श्रेणी से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को केवाईसी प्रक्रिया के माध्यम से फिर से नियमित किया जा रहा है और इसके लिए गैस एजेंसियों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

इसी तरह सिद्धार्थनगर जिले में भी गैस एजेंसियों के बाहर घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालांकि जिलाधिकारी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संयम बरतने की अपील की थी, लेकिन इसका असर जमीन पर ज्यादा दिखाई नहीं दे रहा है।

बर्डपुर ब्लॉक चौराहा स्थित सिद्धार्थनगर गैस सर्विस के प्रबंधक ने कहा कि जिले में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है। उनके अनुसार अफवाहों के कारण लोग जरूरत से अधिक सिलेंडर अपने घरों में जमा करना चाहते हैं।

सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने लोगों से संयम बरतने और जरूरत होने पर ही गैस लेने की अपील की है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि गैस का वितरण उनकी निगरानी में कराया जाए ताकि कालाबाजारी को रोका जा सके।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करता या उन्हें अधिक कीमत पर बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *