लखनऊ। योगी आदित्यनाथ की सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर अपनी सेवा में शामिल कर लिया है। सरकार ने इटली की एयरोस्पेस कंपनी Leonardo का आधुनिक AgustaWestland AW139 हेलीकॉप्टर खरीदा है, जो अब सरकारी उपयोग के लिए उपलब्ध हो गया है।
करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाला यह डबल इंजन हेलीकॉप्टर दुनिया के सबसे सुरक्षित वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में माना जाता है। इसे मुख्य रूप से मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी के हवाई आवागमन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार यह हेलीकॉप्टर अत्याधुनिक तकनीक से लैस है और खराब मौसम तथा रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स सिस्टम, हाई-टेक नेविगेशन तकनीक, क्रैश-सेफ्टी फीचर और विशेष सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है, जिससे वीवीआईपी यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
यह हेलीकॉप्टर एक बार में लगभग 12 से 15 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखता है। इसकी तेज रफ्तार, मजबूत इंजन और आधुनिक नेविगेशन सिस्टम इसे अपने वर्ग के सबसे भरोसेमंद हेलीकॉप्टरों में शामिल करते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि नए हेलीकॉप्टर के शामिल होने से मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो सकेगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में भी इसका उपयोग प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
