सेवा, स्वदेशी और स्वावलंबन का संगम: सेवा भारती वार्षिकोत्सव में नारी सशक्तिकरण पर जोर

शाहजहांपुर: समाज सेवा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के संदेश के साथ सेवा भारती ब्रज प्रांत महानगर शाहजीपुर का वार्षिकोत्सव बिसरात रोड स्थित परशुराम धाम में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और समाजसेवियों की सहभागिता रही।

समारोह में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सपत्नीक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्था की संरक्षक सोनिया राठौर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन द्वारा संचालित सेवा कार्यों, महिला प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक पहल की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें लोकनृत्य, समूह गीत और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष सीमा वाजपेयी ने किया और संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालिकाओं में आत्मविश्वास, कौशल और स्वावलंबन विकसित करना संगठन की प्राथमिकता है।

मुख्य अतिथि अरविंद कुमार ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में ऐसे संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं मुख्य वक्ता एवं प्रांत संगठन मंत्री प्रमोद ने कहा कि सेवा का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है और जब हर वर्ग सशक्त होगा, तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डीपीएस राठौर ने सामाजिक सहयोग को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए सेवा कार्यों को निरंतर बढ़ाने का आह्वान किया।

 

स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता अल्पना श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षित और संस्कारित बालिकाएं ही समाज की सशक्त नींव तैयार करती हैं।

समारोह में स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं द्वारा तैयार अचार, मठरी और प्राकृतिक हर्बल गुलाल की लोगों ने जमकर खरीदारी की। हल्दी से तैयार पीला अबीर और पालक से बना हरा अबीर विशेष रूप से पसंद किया गया। बढ़ती मांग को देखते हुए इन उत्पादों के बड़े स्तर पर उत्पादन की योजना भी सामने आई।

संस्था द्वारा महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई और शिक्षा सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इलेक्ट्रीशियन कार्य का प्रशिक्षण प्रारंभ करने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि वे घरेलू विद्युत समस्याओं का समाधान स्वयं कर सकें।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र, मंत्री रजनीश, कोषाध्यक्ष उदयवीर, सह-कोषाध्यक्ष मुरारी लाल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वार्षिकोत्सव ने सेवा, स्वदेशी और नारी स्वावलंबन के संदेश को समाज के बीच मजबूती से स्थापित किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *