नई दिल्ली, 22 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए लोगों से सतर्क रहने और अपनी व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की है। रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में उन्होंने कहा कि ओटीपी, आधार नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा करना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं, इसलिए नागरिकों को भी अपनी सुरक्षा आदतों को समय-समय पर अपडेट करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जैसे मौसम के अनुसार खान-पान और पहनावा बदलता है, वैसे ही पासवर्ड भी नियमित रूप से बदलना चाहिए।
मोदी ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए प्रकार के ऑनलाइन ठगी के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि धोखेबाज अक्सर फर्जी कॉल, संदेश या लिंक के माध्यम से लोगों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाली वित्तीय ठगी पर चिंता जताई और कहा कि कई मामलों में उनकी जीवन भर की जमा पूंजी तक ठग ली जाती है।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों को सलाह दी कि केवाईसी या पुनः केवाईसी की प्रक्रिया केवल बैंक शाखा, आधिकारिक मोबाइल ऐप या अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही पूरी करें। उन्होंने कहा कि बैंक समय-समय पर केवाईसी अपडेट इसलिए करते हैं ताकि खातों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और इसमें सहयोग करना ग्राहकों के हित में है।
उन्होंने कहा कि अक्सर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी या सरकारी प्रतिनिधि बताकर जानकारी मांगते हैं और लोग अनजाने में संवेदनशील विवरण साझा कर देते हैं। ऐसे मामलों में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने हाल ही में वित्तीय साक्षरता से संबंधित जागरूकता अभियान चलाया है, जिसका उद्देश्य लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नागरिकों से आरबीआई के दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय पर केवाईसी अपडेट रखने की अपील की।
मोदी ने कहा कि सुरक्षित बैंकिंग और डिजिटल जागरूकता मजबूत अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से सावधानी बरतने, फर्जी कॉल और संदिग्ध संदेशों से दूर रहने तथा डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी से उपयोग करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जागरूक और सशक्त नागरिक ही सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
