भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का उद्घाटन करेंगे नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली, 18 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का उद्घाटन करेंगे। इस वैश्विक शिखर सम्मेलन का उद्देश्य भारत को कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित करना और ऐसी प्रौद्योगिकी-आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देना है जो मानवता और समावेशी विकास को गति दे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार उद्घाटन समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस सहित विभिन्न देशों के शीर्ष नेता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का दौरा करेंगे, जहां विभिन्न देशों और संस्थानों द्वारा विकसित अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

सम्मेलन के कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी दोपहर में नेताओं की पूर्ण बैठक में भाग लेंगे, जिसमें राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और बहुपक्षीय संस्थानों के प्रतिनिधि एआई से जुड़ी वैश्विक नीतियों, शासन व्यवस्था, अवसंरचना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद शाम को आयोजित सीईओ गोलमेज बैठक में वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रमुख निवेश, शोध सहयोग, आपूर्ति शृंखला और एआई के जिम्मेदार उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।

‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ थीम पर आधारित इस सम्मेलन को तीन प्रमुख स्तंभ—लोक, ग्रह और प्रगति—मार्गदर्शन देंगे। सम्मेलन में आर्थिक वृद्धि और सामाजिक कल्याण, एआई संसाधनों का लोकतंत्रीकरण, सुरक्षित एवं भरोसेमंद एआई, मानव पूंजी विकास, विज्ञान, नवाचार और दक्षता जैसे सात प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।

आयोजकों के अनुसार शिखर सम्मेलन में विश्वभर से 500 से अधिक एआई विशेषज्ञ, लगभग 100 सीईओ और संस्थापक, 150 शिक्षाविद एवं शोधकर्ता तथा 400 से अधिक वरिष्ठ प्रौद्योगिकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष एवं शासन प्रमुख तथा लगभग 60 मंत्री और उपमंत्री शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि यह सम्मेलन वैश्विक सहयोग को मजबूत करने, नवाचार को प्रोत्साहन देने और भारत को एआई पारिस्थितिकी तंत्र का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *