नई दिल्ली, 16 फरवरी : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों तथा सभी संबंधित हितधारकों से बोर्ड परीक्षाओं के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने का आग्रह किया है।
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार देश और विदेश से 46 लाख से अधिक छात्र इन परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। मंगलवार को कक्षा 10वीं के विद्यार्थी गणित की परीक्षा देंगे, जबकि कक्षा 12वीं के लिए जैव प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, हिंदी आशुलिपि और अंग्रेजी आशुलिपि विषयों की परीक्षाएं निर्धारित हैं।
सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हर वर्ष की तरह कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाकर छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। इन दावों में अक्सर प्रश्नपत्र लीक होने या कथित प्रश्नपत्रों के प्रसार जैसी निराधार बातें शामिल होती हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि अपुष्ट समाचारों पर भरोसा करना या उन्हें आगे बढ़ाना अनावश्यक चिंता और भ्रम पैदा करता है, जिससे छात्रों की तैयारी प्रभावित हो सकती है। इसलिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करने को कहा गया है।
सीबीएसई ने विद्यार्थियों को स्थानीय परिस्थितियों, यातायात और मौसम को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने का निर्देश दिया है। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, इसलिए सभी छात्रों को सुबह 10 बजे या उससे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
बोर्ड ने यह भी कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के कारण कई स्थानों पर यातायात में बदलाव या देरी संभव है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय पर पहुंचने के लिए घर से जल्दी निकलने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
