एएसपी, जेएसडी और पीजेपी ने किया गठबंधन का ऐलान, 2027 में मिलकर लड़ेंगे यूपी चुनाव; चंद्रशेखर आजाद होंगे सीएम चेहरा

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद, जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर, पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के संस्थापक पूर्व आईपीएस डॉ. बी.पी. अशोक और पीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिद्धार्थ वाल्मीकि

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी (एएसपी), जन सेवा दल (जेएसडी) और पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी (पीजेपी) ने गठबंधन का ऐलान कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। तीनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से सोशल मीडिया पर लाइव आकर संयुक्त रूप से इसकी घोषणा की।

गठबंधन के तहत तीनों पार्टियों ने 2027 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का निर्णय लिया है। साथ ही यह भी घोषणा की गई कि सांसद एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

बहुजन एकता पर जोर

घोषणा के दौरान आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन आंदोलन को सफल बनाने के लिए दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज को एक मंच पर लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक वंचित वर्ग एकजुट नहीं होंगे, तब तक बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के सपनों को साकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने बताया कि जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर, पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के संस्थापक पूर्व आईपीएस डॉ. बी.पी. अशोक और पीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिद्धार्थ वाल्मीकि के साथ लंबी चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया है। आगे होने वाले सभी कार्यक्रमों में तीनों दलों की संयुक्त भागीदारी रहेगी।

वंचित वर्गों को सत्ता में हिस्सेदारी दिलाने का लक्ष्य

जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने कहा कि आजादी के बाद से सत्ता से वंचित रही अति पिछड़ी जातियों और बहुजन समाज को बराबर की हिस्सेदारी दिलाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य एक साझा मंच के बिना संभव नहीं था, इसलिए 2027 का चुनाव मिलकर लड़ने का निर्णय लिया गया है।

पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के संस्थापक डॉ. बी.पी. अशोक ने इस गठबंधन को बहुजन आंदोलन के लिए “मील का पत्थर” बताया। उन्होंने कहा कि तीनों दल मिलकर सामाजिक परिवर्तन और सत्ता परिवर्तन की दिशा में काम करेंगे।

पीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिद्धार्थ वाल्मीकि ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद बहुजनों और अति पिछड़ों की आवाज मजबूती से उठाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ेगी और चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश की बागडोर सौंपने के लिए काम करेगी।

राजनीतिक समीकरणों पर नजर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बना सकता है, खासकर यदि यह दलित, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक वोट बैंक को एकजुट करने में सफल होता है। हालांकि, चुनावी प्रभाव का वास्तविक आकलन आगामी महीनों में गठबंधन की रणनीति और जमीनी मजबूती पर निर्भर करेगा।

इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी सुनील चित्तौड़, किशन कुमार सहित तीनों दलों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

2027 के चुनाव से पहले इस गठबंधन को बहुजन राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिस पर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति की दिशा निर्भर कर सकती है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *