आज़ाद विहार कॉलोनी के 250 से अधिक मकान सुरक्षित, नागरिकों ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का जताया आभार


एक्सप्रेसवे मार्ग में संशोधन से टला ध्वस्तीकरण, जनसंवाद में उमड़ा जनसमर्थन

लखनऊ, सरोजनीनगर। 51 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड लिंक/लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित मार्ग में संशोधन कर आज़ाद विहार कॉलोनी के लगभग 250 से अधिक मकानों को ध्वस्तीकरण से बचाए जाने के निर्णय पर क्षेत्रीय नागरिकों ने सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। कानपुर रोड स्थित कॉलोनी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर इस निर्णय को “जनभावनाओं के सम्मान” का प्रतीक बताया।

प्रदेश सरकार ने लगभग ₹5,000 करोड़ की लागत से आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 51 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति दी है। प्रारंभिक प्रस्ताव के अनुसार यह मार्ग आज़ाद विहार कॉलोनी से होकर गुजरना था, जिससे सैकड़ों परिवारों के मकान प्रभावित होने की आशंका थी।

कॉलोनीवासियों की समस्या को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाया। शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद एक्सप्रेसवे के रूट में संशोधन का निर्णय लिया गया, जिससे कॉलोनी के मकान सुरक्षित रह सके। स्थानीय निवासियों ने इसे संवेदनशील और दूरदर्शी निर्णय बताया।

जनसंवाद में विकास कार्यों पर चर्चा

रॉयल गेस्ट हाउस, आज़ाद विहार कॉलोनी (दरोगा खेड़ा, कानपुर रोड) में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रीय विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा,
“सरोजनीनगर का सतत विकास और जन-जन की सुरक्षा मेरा सर्वोच्च दायित्व है।”

उन्होंने बताया कि यह लिंक एक्सप्रेसवे आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे के 294 किमी बिंदु से शुरू होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 06 किमी बिंदु तक जुड़ेगा, जिससे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच तेज संपर्क स्थापित होगा और लखनऊ जनपद को औद्योगिक व आर्थिक गति मिलेगी।

प्रमुख विकास परियोजनाएँ

जनसंवाद के दौरान क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख हैं—

          ₹5,000 करोड़ की लखनऊ–कानपुर रोड परियोजना

            वृंदावन योजना में ₹10,000 करोड़ की एआई सिटी

          अशोक लीलैंड फैक्ट्री में ₹1,000 करोड़ का निवेश और 1,000 से अधिक रोजगार

           डिफेंस कॉरिडोर के तहत ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण

          लतीफ नगर में ₹14 करोड़ से बेटियों के डिग्री कॉलेज का शुभारंभ

इसके अतिरिक्त बंथरा टाउन एरिया में ₹43 करोड़ की लागत से विकास कार्यों की स्वीकृति का भी उल्लेख किया गया। विधायक ने बताया कि लखनऊ को विस्तारित राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई शामिल होंगे।

उन्होंने विधानसभा में प्रस्तुत ₹9.12 लाख करोड़ के बजट और लोक निर्माण विभाग को ₹34,000 करोड़ आवंटित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 11 किलोमीटर सड़क निर्माण हो रहा है।
“विकास की पहली सीढ़ी सुरक्षा है। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होगी, तभी निवेश और रोजगार बढ़ेगा,” उन्होंने कहा।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत प्रतिनिधि, पार्षद, सभासद, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कॉलोनीवासियों ने अपने आशियाने सुरक्षित रहने पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक के प्रति आभार जताया और क्षेत्र के समग्र विकास में सहयोग का भरोसा दिया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *