लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष मंगलवार को देगा नोटिस

नयी दिल्ली, 9 फरवरी (Agency)- लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं देने तथा कांग्रेस की महिला सांसदों के खिलाफ सदन में अनुचित स्थिति उत्पन्न होने के आरोपों को लेकर विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में नोटिस मंगलवार को लोकसभा सचिवालय को सौंपा जा सकता है।

सूत्रों ने बताया कि सोमवार शाम तक इस प्रस्ताव पर 102 सांसदों के हस्ताक्षर हो चुके हैं। हालांकि, विपक्ष के एक प्रमुख दल तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने अब तक इस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक सहित कई अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भी हस्ताक्षर होने की जानकारी है।

सूत्रों के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया जाएगा। विपक्ष का आरोप है कि नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति नहीं दी गई, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की टिप्पणियों पर कार्रवाई नहीं की गई और कांग्रेस की महिला सांसदों पर बिना साक्ष्य के आरोप लगाए गए।

सूत्रों ने बताया कि अधिक से अधिक विपक्षी दलों के सांसदों के हस्ताक्षर जुटाने का प्रयास जारी है। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के रुख को लेकर असमंजस बना हुआ है।

आज सुबह संसद परिसर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में हुई विपक्षी दलों की बैठक में लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर विचार किया गया। बैठक में तृणमूल कांग्रेस, वाम दल, द्रमुक, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, शिवसेना (उबाठा), राकांपा (शप) सहित अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

गौरतलब है कि दो फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े मुद्दे पर बोलने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके अलावा सदन की अवमानना के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित किए जाने के बाद से लोकसभा में गतिरोध बना हुआ है।

विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा में विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा, जबकि सत्तापक्ष के सदस्यों को खुली छूट दी जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *