लखनऊ के लिए 20-वर्षीय इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट रोडमैप का प्रस्ताव

लखनऊ। तेज़ी से बढ़ते शहरी दबाव और यातायात समस्याओं के समाधान की दिशा में सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को राजधानी लखनऊ के लिए 20-वर्षीय इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट एवं अर्बन मोबिलिटी रोडमैप का प्रस्ताव सौंपा है। इस प्रस्ताव का उद्देश्य लखनऊ को आने वाले दशकों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था से लैस करना है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, तेज़ी से बढ़ते वाहन पंजीकरण और बदलती शहरी आवश्यकताओं को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को अब अल्पकालिक उपायों से आगे ले जाकर दीर्घकालिक और समन्वित नीति के रूप में लागू करना आवश्यक हो गया है।

प्रस्ताव में VAHAN डेटा का हवाला देते हुए बताया गया है कि वर्ष 2025 तक लखनऊ में लगभग 31.8 लाख वाहन पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि हर वर्ष 1.2 से 1.5 लाख नए वाहन सड़कों पर जुड़ रहे हैं। इससे ट्रैफिक जाम, पार्किंग दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।

विधायक ने ट्रैफिक प्रबंधन को केवल पुलिसिंग तक सीमित न रखते हुए एक मल्टी-डिपार्टमेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट टास्क फोर्स के गठन का सुझाव दिया है, जिसमें पुलिस, शहरी विकास विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम, PWD, परिवहन विभाग, मेट्रो और स्मार्ट सिटी सेल को शामिल किया जाए।

प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि टास्क फोर्स की नियमित समीक्षा बैठकें हों, जिससे निर्णय डेटा-ड्रिवन, समयबद्ध और जवाबदेह तरीके से लिए जा सकें।

रोडमैप में मेट्रो और BRT नेटवर्क के विस्तार, AI आधारित स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम, वैज्ञानिक ढंग से विकसित वेंडिंग ज़ोन, अवैध अतिक्रमणों की स्थायी हटाने की व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित अवसंरचना तथा इलेक्ट्रिक और ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने जैसे उपायों को प्राथमिकता देने की सिफारिश की गई है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब प्रतिक्रियात्मक उपाय पर्याप्त नहीं हैं। लखनऊ को एक आधुनिक और ट्रैफिक-रेडी राजधानी बनाने के लिए इंटीग्रेटेड प्लानिंग और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय अनिवार्य है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *