मुंबई, 5 फरवरी । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ निर्धारित आईसीसी टी20 विश्व कप मुकाबले के लिए कोलंबो जाएगी, भले ही पाकिस्तान ने इस मैच का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी हो।
भारतीय कप्तान ने हालांकि माना कि यह स्थिति आसान नहीं है और इससे जुड़े सभी पक्षों, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), के लिए यह एक जटिल मामला है। आईसीसी ने पाकिस्तान को उसके फैसले के गंभीर परिणामों को लेकर चेतावनी भी दी है।
बीसीसीआई मुख्यालय में टूर्नामेंट से पहले आयोजित कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा,
“यह आसान स्थिति नहीं है। यह मेरा फैसला नहीं है। मुझे भरोसा है कि आईसीसी भी इस पर काम कर रही होगी, लेकिन जब फैसला किसी दूसरी सरकार या देश की ओर से आता है, तो आईसीसी भी सीमित दायरे में ही मदद कर सकती है।”
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को टी20 विश्व कप का ग्रुप मैच खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को इस मुकाबले में हिस्सा नहीं लेने का निर्देश दिया है। इससे पहले पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया था, जिसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया।
सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“उनका फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है। काश मैं उनके फैसले ले पाता, लेकिन यह उनका निर्णय है।”
उन्होंने दोहराया कि भारतीय टीम अपने कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी।
“हमें बताया गया है कि 15 फरवरी को कोलंबो में एक मैच खेलना है। हमने एशिया कप में उनके खिलाफ तीन मैच खेले थे और अच्छा क्रिकेट खेला था। अगर हमें कोलंबो में खेलने का मौका मिलता है, तो हम निश्चित रूप से खेलेंगे।”
भारत शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। गत चैंपियन भारत को ग्रुप ए में अमेरिका, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ रखा गया है।
भारतीय कप्तान ने कहा,
“हमारी सोच बिल्कुल साफ है। हमने खेलने से मना नहीं किया है। उन्होंने मना किया है। आईसीसी ने कार्यक्रम तय किया है, हमारी फ्लाइट टिकट बुक हो चुकी है और हम कोलंबो जा रहे हैं।”
जब उनसे पूछा गया कि दोनों चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच मुकाबला सुनिश्चित कराने वालों के लिए उनका क्या संदेश है, तो सूर्यकुमार ने माना कि मामला कठिन है, लेकिन उन्होंने फिर दोहराया कि भारतीय टीम मैच के लिए मौजूद रहेगी।
उन्होंने कहा,
“मुझे पता है कि यह एक मुश्किल स्थिति है, लेकिन अगर हमें बताया जाता है और कार्यक्रम तय है, तो हम आगे बढ़ेंगे।”
कप्तान के तौर पर अपनी मानसिकता पर सवाल के जवाब में सूर्यकुमार ने कहा,
“मानसिकता बिल्कुल साफ है। हमने ‘ना’ नहीं कहा है। आईसीसी ने कार्यक्रम दिया है और बीसीसीआई तथा भारत सरकार ने तटस्थ स्थल पर खेलने का फैसला किया है।”
उन्होंने अंत में कहा,
“कोलंबो की फ्लाइट बुक है भाई, हम तो जा रहे हैं। बाकी वहां देखा जाएगा। टीम के भीतर भी सब कुछ साफ है—पहले सात फरवरी को मैच, फिर नामीबिया के खिलाफ दिल्ली और उसके बाद कोलंबो।”
