एअर इंडिया के पायलट ने ड्रीमलाइनर के ईंधन नियंत्रण ‘स्विच’ में संभावित खराबी की सूचना दी

नयी दिल्ली, दो फरवरी । एअर इंडिया के एक पायलट ने सोमवार को बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के ईंधन नियंत्रण ‘स्विच’ में संभावित खराबी की सूचना दी, जिसके बाद इस मामले की जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है। यह घटना पिछले साल जून में एअर इंडिया के एक ड्रीमलाइनर विमान के भीषण हादसे की जांच के बीच सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, लंदन से बेंगलुरु आ रहा एअर इंडिया का विमान (उड़ान संख्या एआई132) सोमवार सुबह सुरक्षित रूप से बेंगलुरु में उतरा। विमान में 200 से अधिक यात्री सवार थे।

घटना से अवगत एक अन्य सूत्र ने बताया कि विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की स्थिति असामान्य पाई गई। उन्होंने कहा कि यह स्विच ‘रन’ स्थिति में नहीं था और ‘कट-ऑफ’ की ओर चला गया था। ‘रन’ और ‘कट-ऑफ’ स्थितियों का उपयोग क्रमशः इंजन को चालू और बंद करने के लिए किया जाता है।

हालांकि, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि उड़ान के किस चरण में पायलट ने ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी को नोटिस किया।

एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमानों में ईंधन नियंत्रण स्विच की कार्यप्रणाली पर पिछले साल जून में हुए घातक हादसे के बाद से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान (एआई171) उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी। दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में उड़ान के तुरंत बाद ईंधन की आपूर्ति बंद होने का उल्लेख किया गया था।

एअर इंडिया ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि वह इस बात से अवगत है कि उसके एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी है।

बयान में कहा गया, “प्रारंभिक सूचना मिलने के बाद संबंधित विमान को एहतियातन उड़ान संचालन से हटा दिया गया है और पायलट द्वारा जताई गई चिंताओं की प्राथमिकता के आधार पर विस्तृत जांच के लिए निर्माता कंपनी से संपर्क किया गया है।”

एयरलाइन ने बताया कि मामले की जानकारी डीजीसीए को दे दी गई है और नियामक के निर्देश पर एअर इंडिया ने अपने पूरे बेड़े के सभी बोइंग 787 विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच की है। बयान के अनुसार, इस जांच में किसी अन्य विमान में कोई समस्या नहीं पाई गई।

वहीं, विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने एक बयान में कहा कि वह एअर इंडिया के संपर्क में है और इस मामले की समीक्षा में पूरा सहयोग कर रही है।

इस बीच, गैर-लाभकारी संगठन ‘सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन’ ने सोमवार को दावा किया कि उड़ान संचालन के दौरान चालक दल ने विमान के बाएं इंजन के ईंधन नियंत्रण स्विच की असामान्य स्थिति की सूचना दी थी।

संगठन के बयान में कहा गया, “इंजन चालू करने के दौरान, ईंधन नियंत्रण स्विच दो प्रयासों के बावजूद ‘रन’ स्थिति में लॉक नहीं हुआ और बार-बार ‘कट-ऑफ’ की ओर जा रहा था। यह ऐसी खराबी हो सकती है, जो विशेष परिस्थितियों में उड़ान के दौरान अनजाने में इंजन बंद होने का कारण बन सकती है।”

यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पिछले साल जून में हुए एअर इंडिया ड्रीमलाइनर हादसे के बाद से ही विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की विश्वसनीयता और कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *