नयी दिल्ली, 20 जनवरी । कांग्रेस ने नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने पर सत्तारूढ़ दल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई और उसके बाद चुनाव का ऐलान किया गया, लेकिन वास्तव में चुनाव हुआ ही नहीं।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा अध्यक्ष का चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह गया। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अब इस्तीफा देना चाहते होंगे, क्योंकि भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में उनकी कोई भूमिका नहीं रही और चुनाव को “प्रभावित करने” का अवसर भी नहीं मिला।
खेड़ा ने कहा, “चुनाव कहां हुआ है, इसे चुनाव क्यों कहा जाए? आपने अध्यक्ष पहले घोषित कर दिया और फिर कहा कि चुनाव होगा, लेकिन चुनाव नहीं हुआ। ज्ञानेश कुमार इसके विरोध में इस्तीफा देना चाहते होंगे, क्योंकि उनकी कोई भूमिका नहीं है—वह कुछ प्रभावित नहीं कर सके, कुछ हेरफेर नहीं कर सके।”
नितिन नवीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया है।
खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की आंखों से आंसू निकल रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री और भाजपा के लोग “बिग बॉस” का खेल खेल रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा था कि पार्टी से संबंधित मामलों में यह युवा नेता उनके “बॉस” होंगे।
