नयी दिल्ली, 19 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में नितिन नवीन का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने सोमवार को इसकी औपचारिक घोषणा की। नितिन नवीन इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं।
के. लक्ष्मण ने बयान जारी कर बताया कि नितिन नवीन के समर्थन में कुल 37 नामांकन पत्रों के सेट दाखिल किए गए, जिनकी जांच के बाद सभी को वैध पाया गया। उन्होंने कहा कि नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नवीन का ही नाम प्रस्तावित किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन की उम्मीदवारी का प्रस्ताव रखने वालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनके नाम का समर्थन किया।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को अपराह्न दो बजे से चार बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के पक्ष में कुल 37 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप में विधिवत भरे हुए पाए गए।”
लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 36 राज्यों में से 30 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव संपन्न होने के बाद शुरू की गई, जो आवश्यक न्यूनतम 50 प्रतिशत राज्यों की शर्त से कहीं अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी करने के बाद 16 जनवरी को मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई थी।
नामांकन पत्रों के 37 सेट में से 36 सेट विभिन्न राज्यों से प्राप्त हुए थे, जिनमें प्रत्येक सेट पर 20 नेताओं के हस्ताक्षर थे। एक अतिरिक्त सेट भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्यों द्वारा प्रस्तावित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री सहित 37 सांसदों के हस्ताक्षर शामिल हैं।
अब औपचारिक घोषणा और प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नितिन नवीन का भारतीय जनता पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।
