जिला कारागार शाहजहाँपुर में 91 दिवसीय ‘शिक्षा प्लस प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का शुभारंभ

शाहजहाँपुर। निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला कारागार शाहजहाँपुर में शनिवार को 91 दिवसीय “शिक्षा प्लस प्रशिक्षण कार्यक्रम” का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम देश की प्रतिष्ठित परोपकारी संस्था शिव नाडर फाउंडेशन तथा उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षा इनिशिएटिव योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में कारागार में निरुद्ध 35 निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल के तहत शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बंदी समाज की मुख्यधारा में लौटकर सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें।

कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए जेल में निरुद्ध पाँच बंदियों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण देकर स्वयंसेवक के रूप में तैयार किया गया है। ये प्रशिक्षित स्वयंसेवक अन्य बंदियों को पढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। शिक्षा प्रदान करने के लिए कारागार में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे आधुनिक शिक्षण संसाधनों के माध्यम से अध्ययन संभव हो सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेल अधीक्षक जितेंद्र प्रताप तिवारी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और बंदियों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर उन्होंने शिव नाडर फाउंडेशन से आए राहुल आनंद एवं शुभम मिश्रा का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी कारापाल अनिल कुमार विश्वकर्मा, शिक्षक मयंक चतुर्वेदी, अन्य उप-कारापाल, कारागार कर्मचारीगण तथा शिव नाडर फाउंडेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल कारागार सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *