प्रवीण तोगड़िया का नारा: सस्ती शिक्षा, युवाओं को रोजगार—किसानों को मिले फसल का पूरा दाम

बरेली। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को बरेली के राजेंद्रनगर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि “सस्ती शिक्षा हमारा अधिकार है, युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए और किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिलना ही चाहिए।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोगड़िया ने कहा कि “खेत हमारा, फसल हमारी—तो कर्ज क्यों?” उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए नारा दिया—“किसानों को फसल के दाम, यही है हमारा राम, यही है हमारा काम।” उनका कहना था कि किसानों को सही मूल्य न मिलने से कृषि संकट गहराता जा रहा है, जिसे तत्काल दूर करना जरूरी है।

तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह स्थिति पिछले 14 वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने इसकी तुलना 1990 के दशक की कश्मीरी घाटी से की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब आगे का लक्ष्य सुरक्षित, समृद्ध और सम्मानजनक हिंदू समाज का निर्माण होना चाहिए।

राम मंदिर को लेकर उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति के धन से नहीं, बल्कि आठ करोड़ हिंदुओं के सहयोग से बना है। “हमारे घर से बड़ा घर हमारे भगवान का होना चाहिए,” यह संदेश देते हुए उन्होंने सामाजिक एकजुटता पर बल दिया।

देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए तोगड़िया ने कहा कि भारत कभी शिक्षा और समृद्धि का वैश्विक केंद्र था। “दुनिया को शून्य भारत ने दिया, आज अमेरिका सबसे समृद्ध है, लेकिन हमें फिर से शिक्षा और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर लौटना होगा,” उन्होंने कहा। साथ ही उन्होंने भूख और स्वास्थ्य संकट का जिक्र करते हुए कहा कि देश में करोड़ों लोग भूखे सोते हैं और बड़ी आबादी इलाज से वंचित है।

कार्यक्रम में उन्होंने धार्मिक और सामाजिक अनुशासन का आह्वान करते हुए कहा कि हर गांव में मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ होना चाहिए। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग भी दोहराई और लोगों से स्वदेशी तथा हिंदू व्यापारियों से खरीदारी का संकल्प लेने को कहा।

अंत में तोगड़िया ने उपस्थित लोगों को कई संकल्प दिलाए—सस्ती शिक्षा, रोजगार, किसानों को फसल का पूरा दाम, कोई हिंदू भूखा न रहे, सुरक्षित-समृद्ध-सम्मानजनक हिंदू समाज और देश से अवैध बांग्लादेशियों को बाहर करने की प्रतिबद्धता।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *