भारत को मिला पहला राष्ट्रीय IED डेटा मैनेजमेंट सिस्टम, अमित शाह ने किया उद्घाटन

काउंटर-टेरर ऑपरेशन और आंतरिक सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को भारत के पहले राष्ट्रीय IED डेटा मैनेजमेंट सिस्टम (NIDMS) का उद्घाटन किया। यह पहल देश की काउंटर-IED क्षमताओं और आंतरिक सुरक्षा ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इस अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म को नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) द्वारा विकसित किया गया है।

वर्चुअल उद्घाटन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह सिस्टम विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच इंटर-एजेंसी समन्वय को और मजबूत करेगा। सही समय पर सही जगह पर सटीक जानकारी उपलब्ध कराना अब अधिक प्रभावी हो सकेगा, जिससे आतंरिक सुरक्षा अभियानों में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि 1984 में स्थापित एनएसजी ने अब तक दुनिया भर में हुए आतंकवादी हमलों का गहन विश्लेषण किया है और हर तरह की चुनौती से निपटने की तैयारी की है। आतंकवाद विरोधी अभियान, हाइजैकिंग-रोधी ऑपरेशन, बम निरोधक प्रणाली और अब डेटा साझा करने का यह राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म एनएसजी की क्षमताओं को और विस्तार देगा।

एनएसजी के महानिदेशक ब्रिघु श्रीनिवासन ने बताया कि पिछले 11 महीनों में एनएसजी ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इस सिस्टम को विकसित किया है। उन्होंने इसे भारत के लिए एक अद्वितीय और अत्यंत उपयोगी मंच बताया। एनआईडीएमएस के माध्यम से राज्य पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य केंद्रीय एजेंसियां आईईडी से संबंधित डेटा को एक्सेस, विश्लेषण और साझा कर सकेंगी।

इस प्लेटफॉर्म से आतंकवादी और उग्रवादी हमलों की रोकथाम में मदद मिलेगी, जांच प्रक्रियाएं आसान होंगी और फोरेंसिक विश्लेषण, प्रशिक्षण मॉड्यूल तथा ऑपरेशनल प्लानिंग को बेहतर बनाया जा सकेगा। आईईडी का उपयोग अक्सर आतंकी संगठनों द्वारा सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को निशाना बनाने के लिए किया जाता है। ऐसे में एनआईडीएमएस के जरिए तकनीक और डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल कर तेज प्रतिक्रिया और बेहतर तैयारी सुनिश्चित की जा सकेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *