नई दिल्ली, आठ जनवरी । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से बृहस्पतिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। शाह सोमनाथ महादेव मंदिर के न्यासी भी हैं।
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, ”सोमनाथ महादेव मंदिर सिर्फ एक ज्योतिर्लिंग नहीं है, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक गौरव की अक्षुण्ण विरासत का प्रतीक भी है। बीते हजार वर्षों में इस मंदिर पर कई हमले हुए, लेकिन यह हर बार उठ खड़ा हुआ। यह हमारी सभ्यता की अमरता और कभी हार न मानने की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ”मंदिर को मिटाने की कोशिश करने वालों के नाम और निशान भले ही मिट गए, लेकिन यह मंदिर आज और भी वैभवता के साथ खड़ा है। इसकी ऐतिहासिकता यह बताती है कि आघात हमें क्षति पहुँचा सकते हैं, पर मिटा नहीं सकते। हर बार यह और भी भव्य और दिव्य रूप में उठ खड़ा हुआ, जो सनातन संस्कृति की मूल प्रवृत्ति को दर्शाता है।”
शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले हमले के एक हजार वर्ष पूरे होने पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाने का निर्णय लिया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों तक सनातन संस्कृति की अविरलता और जीवटता का संदेश पहुँच सके।
अमित शाह ने कहा, ”मुझे यह सौभाग्य प्राप्त है कि मैं गुजरात के वेरावल स्थित इस पवित्र मंदिर का न्यासी हूँ। मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूँ कि वे 8 से 11 जनवरी तक चलने वाले सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”
