लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोहरे और हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर लगातार जारी है। पहाड़ों से आ रही करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली बर्फीली पछुआ हवाओं ने प्रदेशभर में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार की सुबह भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धुंध और घने कोहरे के साथ हुई।
घने कोहरे के कारण कानपुर, आगरा, प्रयागराज, बाराबंकी, कुशीनगर और गोरखपुर समेत कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। तेज पछुआ हवाओं के चलते ठंड का असर और अधिक तीखा महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट संभव है, जिससे रातें और ज्यादा सर्द होंगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने बुधवार के लिए प्रदेश के 39 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 45 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट को लेकर शीत दिवस की चेतावनी दी गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रात और सुबह-शाम के समय गलन और ठंड बनी रहेगी।
इन जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
बांदा, फतेहपुर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।
यहां शीत दिवस की चेतावनी
फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर समेत आसपास के जिले हैं।
राजधानी में पछुआ का असर बरकरार
लखनऊ में भी पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को दिन में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ के कारण अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गलन के चलते दिन में भी लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी राजधानी में कोहरे का प्रकोप बना रहेगा। दोपहर में हल्की धूप निकलने के आसार हैं, लेकिन ठंड और गलन से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन आगे भी बनी रह सकती है।
