वर्ष 2025 में भाजपा का लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन हावी रहा: खरगे

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वर्ष 2025 के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पूरे साल देश की जनता पर “लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन” हावी रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 11वें वर्ष में देश की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि वर्ष 2025 में गरीबों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों पर लगातार प्रहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा को कमजोर कर करोड़ों गरीबों से “काम का अधिकार” छीना गया, जबकि बिना तैयारी और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षित किए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए लाखों लोगों का “मतदान का अधिकार” छीनने की कोशिश की गई। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा की “वोट चोरी” पकड़ी गई है।

आर्थिक मोर्चे पर सरकार की नीतियों को विफल बताते हुए खरगे ने कहा कि देश में आर्थिक असमानता और गहरी हो गई है और केवल एक प्रतिशत लोगों के पास भारत की 40 प्रतिशत संपत्ति सिमट गई है। उन्होंने कहा कि रुपया लगातार कमजोर होता गया और रिजर्व बैंक को 32 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 2.8 लाख करोड़ रुपये) बेचने पड़े, इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो सका।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगारी दर अब भी चरम पर है और पेपर लीक माफिया का खेल पूरे वर्ष जारी रहा। खरगे ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भारत पर विश्व में सबसे अधिक टैरिफ लगाए, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया, लेकिन कुछ भाजपा मंत्रियों द्वारा महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणियां शर्मनाक थीं। खरगे ने दावा किया कि ट्रंप ने कम से कम 60 बार भारत-पाकिस्तान के बीच “मध्यस्थता” का दावा किया और बाद में चीन ने भी इसी तरह की बात कही, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

खरगे ने मणिपुर की स्थिति का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में मोदी-शाह की नाकामी पर पर्दा डालने के लिए राष्ट्रपति शासन लगाया गया। उन्होंने कहा कि महंगाई से जनता को कोई राहत नहीं मिली, जीएसटी में कटौती केवल आंकड़ों तक सीमित रही और दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों तथा अल्पसंख्यकों पर अत्याचार बढ़े। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं और यहां तक कि प्रधान न्यायाधीश तक को निशाना बनाया गया।

पर्यावरण और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरते हुए खरगे ने कहा कि दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में जहरीली हवा से लोग जूझते रहे, लेकिन कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में अरावली क्षेत्र को खनन माफिया के हवाले करने की साजिश की गई, कुंभ और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटनाएं हुईं, कफ सिरप से कई मासूमों की जान चली गई, लेकिन किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई।

खरगे ने अंत में कहा, “कुल मिलाकर वर्ष 2025 में भी भाजपा की लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन देश की जनता पर हावी रहा।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *