हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनाना चाहते हैं, डब्ल्यूपीएल इसमें अहम भूमिका निभाएगा: स्मृति मंधाना

नवी मुंबई, आठ जनवरी । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम का लक्ष्य सभी प्रारूपों में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना है और महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मंधाना ने बताया कि भारत की पहली वनडे विश्व कप जीत में भी डब्ल्यूपीएल का योगदान अहम रहा। उन्होंने कहा, ”टी20 विश्व कप जीतना शानदार होगा। हमने एकदिवसीय विश्व कप जरूर जीता है, लेकिन टीम में अभी भी कई पहलू हैं जिन पर काम करना जरूरी है। हमें दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनने के लिए सुधार करना है और डब्ल्यूपीएल इसमें हमारी मदद करेगा।”

मंधाना की अगुवाई वाली आरसीबी शुक्रवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में डब्ल्यूपीएल के शुरुआती मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी। इस मैच की कप्तानी भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर कर रही हैं।

मंधाना ने कहा, ”हम हर टूर्नामेंट के लिए नहीं बल्कि पूरे साल के लिए दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना चाहते हैं। हर डब्ल्यूपीएल हमें इस लक्ष्य के और करीब ले जा रहा है।”

हरमनप्रीत कौर ने भी टीम के बड़े लक्ष्यों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ”हम सिर्फ एक विश्व कप जीतकर संतुष्ट नहीं हैं। हर बार मैदान पर जीत की मानसिकता के साथ उतरना हमारा लक्ष्य है। नई खिलाड़ियों में भी यह सोच विकसित हुई है कि वे हर टूर्नामेंट में चैंपियन बनना चाहती हैं। डब्ल्यूपीएल ने हमारी सोच और प्रदर्शन पर बड़ा असर डाला है।”

इंग्लैंड में जून-जुलाई में होने वाले महिला टी20 विश्व कप को लेकर मंधाना ने कहा कि डब्ल्यूपीएल में अच्छा प्रदर्शन भारतीय टीम में चयन का रास्ता भी खोल सकता है। उन्होंने कहा, ”अगर कोई खिलाड़ी डब्ल्यूपीएल में शानदार प्रदर्शन करती है, तो उसे टी20 विश्व कप टीम में जगह मिल सकती है। दरवाजे हमेशा खुले हैं।”

आरसीबी की नीलामी रणनीति पर मंधाना ने बताया कि आॅस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी एलिस पेरी इस डब्ल्यूपीएल में उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने कहा, ”नीलामी से पहले हमें जानकारी थी और हमने उसी के अनुसार रणनीति बनाई।”

मंधाना और हरमनप्रीत का मानना है कि डब्ल्यूपीएल युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *