सिंधू इंडिया ओपन के पहले दौर से बाहर, श्रीकांत, प्रणय और मालविका ने दर्ज की जीत

सिंधू इंडिया ओपन के पहले दौर से बाहर, श्रीकांत, प्रणय और मालविका ने दर्ज की जीत

नयी दिल्ली, 14 जनवरी – भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू बुधवार को यहां इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के महिला एकल के पहले दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। हालांकि पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत और एच.एस. प्रणय तथा महिला एकल में मालविका बंसोड़ ने जीत दर्ज कर दूसरे दौर में जगह बना ली।

दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी और 2017 की इंडिया ओपन चैंपियन सिंधू को वियतनाम की थुई लिन एनगुएन के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। एक घंटा आठ मिनट तक चले इस मैच में सिंधू ने पहला गेम जीतने के बावजूद 22-20, 12-21, 15-21 से शिकस्त झेली। यह एनगुएन के खिलाफ सिंधू की लगातार तीसरी हार है, जो उनके लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। खास बात यह है कि सिंधू पिछले सप्ताह मलेशिया ओपन सुपर 1000 के सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, जिससे घरेलू दर्शकों को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।

मैच में सिंधू ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम अपने नाम किया, लेकिन दूसरे गेम से एनगुएन ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। निर्णायक गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन ब्रेक के बाद वियतनाम की खिलाड़ी पूरी तरह हावी रहीं और सिंधू को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

पुरुष एकल में इंडिया ओपन 2015 के चैंपियन और दुनिया के 34वें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने जोरदार वापसी करते हुए भारत के ही थारुन मानेपल्ली को 53 मिनट में 15-21, 21-6, 21-19 से हराया। पहला गेम गंवाने के बाद श्रीकांत ने दूसरे गेम में एकतरफा प्रदर्शन किया और निर्णायक गेम में संयम बनाए रखते हुए जीत दर्ज की। अगले दौर में श्रीकांत का सामना फ्रांस के पांचवें वरीय क्रिस्टो पोपोव से होगा।

एच.एस. प्रणय ने भी शानदार खेल दिखाते हुए हांगकांग के ली चेयुक यिउ को 41 मिनट में 22-20, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। अब उनका मुकाबला आठवें वरीय सिंगापुर के लोह कीन येव से होगा।

महिला एकल में पिछले सत्र के दूसरे हिस्से में चोटों से जूझने वाली मालविका बंसोड़ ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने चीनी ताइपे की पाइ यु पो को 51 मिनट में 21-18, 21-19 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। अगले दौर में मालविका की भिड़ंत दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी चीन की हेन युइ से होगी।

हालांकि, युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा को कड़ी टक्कर देने के बावजूद चीन की दूसरी वरीय वैंग झी यीन के खिलाफ 20-22, 21-18, 13-21 से हार झेलनी पड़ी और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

युगल वर्ग में भारत के लिए दिन निराशाजनक रहा। वॉकओवर के जरिए अगले दौर में पहुंचने वाली सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को छोड़कर बाकी सभी भारतीय जोड़ियां पहले दौर में ही बाहर हो गईं।

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को थाईलैंड की पक्कापोन तीरारात्साकुल और सापसिरी तेइरातानाचाई की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा। वहीं रोहन कपूर-रुतविका शिवानी गाडे और असित सूर्या-अमृता प्रमुथेश की जोड़ियां भी अपने-अपने मुकाबले हार गईं।

महिला युगल में श्वेतपर्णा पंडा और रुतपर्णा पंडा को जापान की ननाको हारा और रियो कियोसे की जोड़ी ने हराया, जबकि गायत्री रावत और मनसा रावत को कोरिया की बेइक हा ना और ली सो ही की जोड़ी के खिलाफ एकतरफा हार झेलनी पड़ी। अन्य भारतीय महिला युगल जोड़ियां भी पहले दौर में ही बाहर हो गईं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *