लखनऊ, 16 नवम्बर 2025: उत्तर प्रदेश के कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल सांसद एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से मिला और प्रदेश में होने वाले विधान परिषद चुनाव में लखनऊ विधान परिषद क्षेत्र में कर्मचारी समाज के प्रतिनिधित्व के महत्व के साथ-साथ प्रदेशभर के कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष श्री वी. पी. मिश्रा ने किया। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव श्री शशि कुमार मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र श्रीवास्तव, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश रावत, महामंत्री रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद श्री गिरीश चंद्र मिश्रा, लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष डा. संजय शुक्ला, यूपी राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार मिश्रा और महामंत्री घनश्याम यादव शामिल थे।

श्री वी. पी. मिश्रा ने रक्षा मंत्री को पत्र सौंपते हुए अनुरोध किया कि लखनऊ विधान परिषद क्षेत्र में कर्मचारी प्रतिनिधि के रूप में डा. संजय शुक्ल को समर्थन प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ के लगभग दो लाख कर्मचारी इस प्रयास में सहयोग करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने आठवें वेतन आयोग के नोटिफिकेशन में पेंशन वृद्धि और महंगाई राहत न दिए जाने, पुरानी पेंशन बहाली, आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, पारिश्रमिक वृद्धि, सेवा सुरक्षा और ईपीएफ लागू करने जैसी समस्याओं को भी रखा और इस पर सहयोग की अपील की।

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि वे कर्मचारियों की समस्याओं पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं और आगे भी रखते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इप्सेफ़ एवं संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय और प्रादेशिक पदाधिकारियों के साथ नई दिल्ली में बैठक करके सभी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार कभी भी कर्मचारियों को नाराज नहीं होने देंगे और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित करेंगे।
इस बैठक में कर्मचारियों ने अपने प्रतिनिधि के समर्थन और कर्मचारियों की भलाई के मुद्दों पर गंभीर चर्चा की, जिससे यह संदेश गया कि कर्मचारी संगठनों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर भी सुना जा रहा है।
अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/
