राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने बताया—रालोद अधिवेशन में जयंत सिंह ने संगठन विस्तार और किसानों के मुद्दों पर दिया जोर

मथुरा/कोसी — राष्ट्रीय लोकदल के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने रविवार को कोसी (मथुरा) में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूती देने और जमीनी मुद्दों पर केंद्रित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की पहचान गांव, किसान और गरीब की आवाज उठाने में रही है और उसी मार्ग पर आगे बढ़ना ही वास्तविक रालोद की जीत है।

जयंत सिंह ने मथुरा की जनता के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मथुरा ने मुझे पहली बार सांसद बनाकर भेजा। यहां के लोगों का स्नेह मैं कभी नहीं भूल सकता।” उन्होंने बताया कि उन्हें तीन साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है और वे पूरी निष्ठा के साथ इसके निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध हैं।

एनडीए गठबंधन को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि रालोद एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “आज विपक्ष के पास न नेता है, न नीति है, केवल परिवारवाद है। यही कारण है कि विपक्ष जनता से कट चुका है।”

पार्टी विस्तार पर जोर देते हुए जयंत सिंह ने कार्यकर्ताओं से रालोद की सदस्यता बढ़ाने और चौधरी चरण सिंह की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। महिलाओं की भागीदारी पर बल देते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि महिलाओं को शीघ्र ही आरक्षण का लाभ मिलेगा और पार्टी को चाहिए कि वह महिलाओं को नेतृत्व में आगे लाने के लिए ठोस प्रयास करे।

स्थानीय मुद्दों में छाता की बंद पड़ी चीनी मिल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गन्ने का समर्थन मूल्य 400 रुपये घोषित किए जाने के बाद “मिल हर हाल में दोबारा चलाई जाएगी।”

अधिवेशन के दौरान उन्होंने घोषणा की कि भारत रत्न किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जाएगी तथा इस अवसर पर सवा करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *