मेक्सिको सिटी में शनिवार को ‘जेनरेशन जेड’ द्वारा आहूत बड़े विरोध प्रदर्शन ने अभूतपूर्व रूप ले लिया, जिसमें हजारों लोग देश में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और दंड से मुक्ति की संस्कृति के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। राजधानी की प्रमुख सड़कों पर जुटी विशाल भीड़ में न सिर्फ युवा, बल्कि विभिन्न आयुवर्ग के लोग भी शामिल थे, जिन्होंने विपक्षी दलों की अपील पर प्रदर्शन को समर्थन दिया।
प्रदर्शन के दौरान माहौल कई बार तनावपूर्ण हुआ। कुछ युवाओं की पुलिस से झड़प हुई, जिसके दौरान पत्थर, पटाखे, लाठियां और जंजीरें तक चल गईं। प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों के उपकरण और ढालें भी छीन लीं। मेक्सिको सिटी के सुरक्षा सचिव पाब्लो वाजक्वेज़ के अनुसार, हिंसा में कुल 120 लोग घायल हुए, जिनमें 100 पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जबकि 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
1990 के दशक के अंत से 2010 के शुरुआती वर्षों के बीच जन्मी पीढ़ी — यानी जेन जेड — इस वर्ष दुनिया के कई देशों में असमानता, लोकतंत्र पर खतरे और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर रही है। नेपाल में सोशल मीडिया प्रतिबंध के बाद हुए बड़े जेन जेड विरोध ने वहां की सरकार तक हिला दी थी।
मेक्सिको में भी युवा लंबे समय से हिंसक अपराधों और राजनीतिक भ्रष्टाचार को लेकर गहरा असंतोष जता रहे हैं। प्रदर्शन में पहुंची भीड़ में ऐसे लोग भी शामिल थे, जिन्होंने पहले कभी राजनीति में दिलचस्पी नहीं ली, लेकिन अब बदलाव की मांग के लिए आवाज बुलंद कर रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति विसेंट फॉक्स और मेक्सिकन अरबपति रिकार्डो सेलिनास प्लीगो ने भी सोशल मीडिया के जरिए इन प्रदर्शनों को समर्थन दिया।
29 वर्षीय प्रदर्शनकारी एंड्रेस मासा ने समुद्री डाकू की खोपड़ी वाला झंडा लहराते हुए कहा, “हमें अधिक सुरक्षा की आवश्यकता है।” यह प्रतीक अब वैश्विक जेन जेड आंदोलनों का निशान बन चुका है।
अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/
