महापौर ने किया फाइलेरिया एमडीए कार्यक्रम का शुभारंभ, 28 फरवरी तक चलेगा दवा वितरण अभियान

शाहजहांपुर। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान की शुरुआत कर दी है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलीकोठी में कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर अर्चना वर्मा ने स्वयं दवा का सेवन कर किया। यह अभियान 10 फरवरी से 28 फरवरी तक संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है। इसके उन्मूलन के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आईडीए कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित दवा वितरक प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को डीईसी, एल्बेंडाजोल और आइवरमेक्टिन की गोलियां उपलब्ध कराएंगे। वर्ष 2027 तक फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी पात्र नागरिकों से दवा सेवन की अपील की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी स्वस्थ नागरिकों को आयु वर्ग के अनुसार वर्ष में एक बार दवा की खुराक दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से सलाह दी कि दवा का सेवन खाली पेट न करें।

सीएमओ ने कहा कि दवा लेने के बाद कुछ लोगों में हल्के दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जो सामान्य हैं और स्वतः ठीक हो जाते हैं। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) द्वारा तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, एसएमओ डॉ. आकांक्षा यादव, पाथ संस्था से नवीन सिंह, पीसीआई से अनीता सिंह, डीपीएम, डीसीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और निर्धारित अवधि में दवा का सेवन कर फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाएं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *