लखनऊ, 27 अक्टूबर । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अब एक “राजनीतिक गिरोह” बन चुकी है, जिसका मकसद समाज में नफरत फैलाना और सामाजिक सौहार्द को खत्म करना है।
सपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार, विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में तमाम तरह के अवैध कारोबार, जमीनों पर कब्जे और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा भूमाफिया पार्टी बन चुकी है। सरकारी जमीनों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जे हो रहे हैं, और सरकार इसमें मौन दर्शक बनी हुई है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि “हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है, सरकारी बजट की खुली लूट चल रही है और जनता परेशान है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और समाजवादी पार्टी पर भरोसा जता रही है।
अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सपा की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी दें। उन्होंने कहा, “जनता भाजपा सरकार को हटाने और समाजवादी सरकार लाने के लिए तैयार है। कार्यकर्ताओं को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा। भाषा, व्यवहार और परस्पर विश्वास के साथ संगठन को मजबूत करें।”
सपा प्रमुख ने भाजपा पर सामाजिक अन्याय फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के साथ हर स्तर पर भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ने सामाजिक न्याय की अवधारणा को कमजोर किया है। सपा 2027 में प्रदेश में सरकार बनाकर सामाजिक न्याय का राज स्थापित करेगी, जिसमें हर वर्ग को सम्मान और अधिकार मिलेगा।”
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की राजनीति नफरत और विभाजन पर टिकी है, जबकि समाजवादी पार्टी समावेश, समानता और विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
