बंथरा अम्बेडकर पार्क में सेवा भाव के साथ मनाया गया बहन मायावती का जन्मदिन, 500 जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल

बंथरा (लखनऊ)। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की चार बार की पूर्व मुख्यमंत्री माननीय बहन कुमारी मायावती जी का जन्मदिन नगर पंचायत बंथरा के वार्ड संख्या 4 स्थित अम्बेडकर पार्क में सादगी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर “सेवा दिवस” के रूप में जरूरतमंदों को 500 कंबलों का वितरण कर मानवता और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन वार्ड संख्या 4 की सभासद श्रीमती रेखा गौतम द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बहन कुमारी मायावती जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं केक काटकर जन्मदिन मनाने के साथ हुई। इसके बाद ठंड से बचाव के उद्देश्य से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 170 विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी जलीस खान ने कहा कि बहन कुमारी मायावती जी का जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और बहुजन हिताय की मिसाल है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में जनता के सहयोग से बहन मायावती एक बार फिर उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत थी और सभी वर्गों को सम्मान व सुरक्षा मिली थी।

जलीस खान ने नगर पंचायत बंथरा के वर्तमान अध्यक्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि वे बहुजन समाज पार्टी से अध्यक्ष चुने गए थे, लेकिन जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात बताया। साथ ही कहा कि यह एक बड़ी राजनीतिक चूक थी, जिसकी अब पार्टी स्तर पर समीक्षा की जा रही है। उन्होंने ऐसे कदमों की कड़ी निंदा करते हुए कार्यकर्ताओं से सजग रहने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बहन कुमारी मायावती जी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। अंत में आयोजक सभासद रेखा गौतम ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण ही बहुजन आंदोलन की असली पहचान है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *