वेरावल, 10 जनवरी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने तीन-दिवसीय गुजरात दौरे के तहत सोमनाथ पहुंचे। इस दौरान वह ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ और राजकोट में आयोजित ‘वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन’ (वीजीआरसी) में भाग लेंगे।
गिर सोमनाथ जिले के वेरावल कस्बे में हेलीपैड पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि सोमनाथ में आकर उन्हें गर्व और धन्य महसूस हो रहा है, क्योंकि यह हमारी सभ्यतागत साहस का प्रतीक है।
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ आठ जनवरी से शुरू होकर 11 जनवरी को समाप्त होगा। इस दौरान मोदी मंदिर परिसर में ‘ॐकार मंत्र’ जाप में शामिल होंगे और 3,000 ड्रोन के माध्यम से मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाने वाला विशेष ड्रोन शो देखेंगे। इसके बाद वह श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
शौर्य यात्रा और श्रद्धांजलि:
रविवार सुबह 9:45 बजे मोदी ‘शौर्य यात्रा’ में भाग लेंगे, जो मंदिर की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित है। इस यात्रा में 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस भी निकाला जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और सार्वजनिक कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ उन अनगिनत नागरिकों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया। महमूद गजनी द्वारा 1026 ईस्वी में सोमनाथ पर हुए हमले के 1000 वर्ष और 1951 में स्वतंत्र भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने की पृष्ठभूमि में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
राजकोट और वीजीआरसी में मोदी की गतिविधियां:
रविवार को प्रधानमंत्री राजकोट जाएंगे और पश्चिमी गुजरात के 12 जिलों को कवर करने वाले ‘वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन’ में ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही मोदी गुजरात औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (जीआईडीसी) की 14 ग्रीनफील्ड स्मार्ट एस्टेट परियोजनाओं और राजकोट में जीआईडीसी के मेडिकल डिवाइस पार्क का उद्घाटन करेंगे।
राजकोट से अहमदाबाद रवाना होने के बाद मोदी गांधीनगर में महात्मा मंदिर मेट्रो के दूसरे चरण के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे। सोमवार को प्रधानमंत्री जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात करेंगे, साबरमती आश्रम और अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे तथा द्विपक्षीय बैठकें कर भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
पीआईबी ने बताया कि सोमनाथ मंदिर और ‘स्वाभिमान पर्व’ में प्रधानमंत्री की भागीदारी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और उत्सव के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
