संसद परिसर में केक काटकर मनाया गया 79वां जन्मदिन
नयी दिल्ली, 9 दिसंबर : कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को मंगलवार को उनके 79वें जन्मदिन पर देशभर से राजनीतिक नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। संसद परिसर में आयोजित एक छोटे समारोह में सोनिया ने केक काटा, जिसमें विपक्ष के कई प्रमुख नेता मौजूद थे।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य कई सांसद सोनिया गांधी के साथ नजर आए। सोनिया ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘जयहिंद’ कहते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सोनिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने लिखा, “सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना है।”
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने उन्हें “शालीनता का प्रतीक” बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी हाशिये पर मौजूद लोगों के अधिकारों की मजबूत आवाज रही हैं। उन्होंने लिखा, “साहस, त्याग और निस्वार्थ समर्पण के साथ हर चुनौती का सामना करने वाली सोनिया गांधी को हार्दिक शुभकामनाएं।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सोनिया को “त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति” बताया। उन्होंने कहा कि देश की विविधता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति उनका संकल्प प्रेरणादायी है।
कांग्रेस पार्टी ने भी एक संदेश जारी करते हुए सोनिया गांधी के योगदान को याद किया। पार्टी ने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे ऐतिहासिक अधिकार-आधारित कानूनों को उनके नेतृत्व की देन बताया, जिनसे करोड़ों लोगों को शिक्षा, रोजगार, सम्मान और सुरक्षा मिली।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोनिया गांधी के साथ केक काटते हुए तस्वीर साझा की और लिखा, “सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और स्वस्थ, सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं! चलो मिल-जुलकर बांटें मुस्कान।”
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक नेता एम. के. स्टालिन ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका जीवन त्याग, धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य कारणों से सोनिया गांधी राजनीति में अपेक्षाकृत कम सक्रिय रही हैं, जबकि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारियाँ संभालते रहे हैं। वर्तमान में वह कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राज्यसभा की सदस्य हैं।
