पश्चिम बंगाल के लोग तृणमूल कांग्रेस के ‘महाजंगल राज’ को खत्म करना चाहते हैं: प्रधानमंत्री मोदी

सिंगूर (पश्चिम बंगाल), 18 जनवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह वोट बैंक की राजनीति के तहत घुसपैठियों को संरक्षण देकर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के ‘‘महाजंगल राज’’ को समाप्त करना जरूरी है।

हुगली जिले के सिंगूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सीमा पर बाड़ लगाने जैसे अहम सुरक्षा उपायों पर केंद्र सरकार के साथ सहयोग करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई बार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखा, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। घुसपैठियों को इसलिए संरक्षण दिया जा रहा है क्योंकि उन्हें वोट बैंक के रूप में देखा जाता है।’’ उन्होंने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें उनके मूल देशों में वापस भेजा जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ऐसे समूहों का समर्थन करती है, जो बंगाल में घुसपैठियों को बसाने में मदद करते हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो अवैध प्रवासियों को बाहर किया जाएगा। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को आपका वोट बंगाल से घुसपैठियों को बाहर निकालने में मदद करेगा।’’

सत्ता परिवर्तन की अपील करते हुए मोदी ने राज्य में ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास को गति मिलेगी और सुशासन स्थापित होगा। उन्होंने दोहराया कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के ‘‘महाजंगल राज’’ को समाप्त करना आवश्यक है।

राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ दल पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल में ‘‘टीएमसी का सिंडिकेट राज बेखौफ चल रहा है’’। उन्होंने कहा कि उद्योग और निवेश तभी आएंगे जब कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार होगा, और भाजपा सरकार बनने पर इस सिंडिकेट राज को खत्म किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने संदेशखलि की घटनाओं और शिक्षकों की नौकरी जाने के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को वोट देने से भूमि हड़पने, महिलाओं के खिलाफ अपराध और भ्रष्टाचार जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *