नोएडा के बाद दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का अलर्ट, ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण से मिलेगी राहत

नोएडा के बाद दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का अलर्ट, ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण से मिलेगी राहत

लखनऊ/नोएडा। नोएडा में हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार सुबह से नोएडा के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के कारण जहां ठंड में इजाफा होगा, वहीं वायु प्रदूषण में भी सुधार देखने को मिलेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव हो रहा है। इसी के चलते 16 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में कुछ देर के लिए धूप निकल सकती है। शुक्रवार को दिल्ली के राजीव गार्डन, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, द्वारका और दिल्ली कैंट समेत कई इलाकों में बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली के पालम क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे ठंड और शीत लहर का असर और तेज हो गया है। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सर्दी-खांसी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम जानकारों का कहना है कि उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ने के साथ-साथ बारिश के हालात बने हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि बारिश होने से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण बैठ जाएंगे, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से कुछ हद तक राहत मिलेगी।

आने वाले एक सप्ताह तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ठंड बरकरार रहेगी और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। प्रशासन ने दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सुबह और शाम के समय बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही कोहरे में यात्रा करें।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *