नेहा सिंह राठौर प्रकरण: हजरतगंज पुलिस लेगी विधिक राय, साइबर सेल रिपोर्ट का इंतजार

लखनऊ। बहुचर्चित गायिका नेहा सिंह राठौर प्रकरण में हजरतगंज पुलिस अब दर्ज बयानों के आधार पर विधि विशेषज्ञों से राय लेगी। विधिक राय मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन कर रही है, वहीं साइबर सेल की रिपोर्ट का इंतजार है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर सेल की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि पहलगाम आतंकी हमले को लेकर की गई कथित भड़काऊ पोस्ट जिस सोशल मीडिया/एक्स अकाउंट से की गई थी, उसका संचालन नेहा सिंह राठौर ही कर रही थीं या नहीं। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उस पोस्ट को किन-किन अकाउंट धारकों ने रीपोस्ट किया, किसने लाइक और कमेंट किया।

यह मुकदमा 27 अप्रैल को लखनऊ के वुडलैंड पैराडाइज निवासी अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय सिंह निर्भीक की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में दर्ज किया गया था। इसके अलावा दुर्विजयगंज निवासी हिमांशु वर्मा, दुगावां के अर्जुन गुप्ता और रानीगंज के सौरभ के प्रार्थनापत्र भी उसी मुकदमे में सम्मिलित कर लिए गए थे।

दो नोटिस, जमानत अर्जी खारिज
हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने मुकदमे में नेहा के खिलाफ दो नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद वह बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचीं। पुलिस ने शासकीय अधिवक्ता के माध्यम से रिपोर्ट हाईकोर्ट को भेजी थी, जहां नेहा की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी गई। करीब 15 दिन पूर्व भेजे गए नोटिस के बाद शनिवार को नेहा अपने पति हिमांशु सिंह के साथ हजरतगंज थाने पहुंचीं और बयान दर्ज कराया।

बीमारी का दिया हवाला, मेडिकल रिपोर्ट मांगी
नेहा ने पुलिस को बताया कि बीमारी के कारण वह पहले बयान दर्ज कराने नहीं आ सकीं। उन्होंने गले में दिक्कत और बुखार होने की बात कही। पुलिस ने उनसे मेडिकल रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा है। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में विवेचक ने उनसे नोटिस के बावजूद उपस्थित न होने को लेकर सवाल-जवाब किए।

एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि दर्ज बयानों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर विधिक राय ली जाएगी। उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बनारस में भी दर्ज है मुकदमा
नेहा सिंह राठौर के खिलाफ बनारस के लंका थाने में भी पिछले वर्ष अप्रैल में भड़काऊ पोस्ट और संदेश के मामले में मुकदमा दर्ज है। उस मामले में भी वह बयान दर्ज कराने कोर्ट नहीं पहुंचीं। नोटिस के बावजूद जवाब न मिलने पर लंका थाने की पुलिस ने 24 नवंबर को उनके सुशांत गोल्फ सिटी स्थित फ्लैट पर दबिश दी थी और नोटिस चस्पा किया था।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *