ढाईघाट मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट डीएम–एसपी ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का मौके पर किया निरीक्षण

शाहजहांपुर। जनपद में आयोजित ढाईघाट मेले के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने मेले का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पुलिस पिकेट, पीआरवी की तैनाती, महिला पुलिस बल की ड्यूटी तथा घाट क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए।

डीएम और एसपी ने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी और संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मेले के दौरान प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को चाय और बिस्कुट वितरित कर जलपान भी कराया गया, जिससे सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण बना रहा। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पूरे मेले की अवधि में पुलिस बल 24 घंटे सतर्क और सक्रिय रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

जनपद पुलिस ने मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत डायल 112, नजदीकी पुलिस चौकी या तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दें।

प्रशासन ने विश्वास जताया है कि ढाईघाट मेला पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *