शाहजहांपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आमजन की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित मुद्दों पर प्रशासन को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय में प्रस्तुत करें।
