सीडीओ के निर्देशों की अनदेखी, लापरवाही से बढ़ा संकट
शाहजहांपुर। कांट ब्लॉक स्थित इन्देपुर गोशाला में सियारों के हमले से बेसहारा गोवंश की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते तीन दिनों में सियारों के हमले में सात गोवंश की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने गोशाला संचालन में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व भी इसी गोशाला में सियारों के हमले में आधा दर्जन गायों की मौत हो चुकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. अपराजिता सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था और गोशाला संचालक व गौ फाउंडेशन के डायरेक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।
हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सीडीओ के स्पष्ट निर्देशों को एनजीओ डायरेक्टर व अन्य कर्मचारियों ने कथित तौर पर नजरअंदाज कर दिया। इसी लापरवाही का नतीजा रहा कि रविवार रात सियारों ने फिर से हमला कर तीन और गोवंश को नोच-नोच कर मार डाला।
घटना की जानकारी मिलते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने देखा कि मृत गायों को सड़े-गले भूसे में दबाने का प्रयास किया जा रहा था, जबकि दर्जनों गोवंश घायल अवस्था में इधर-उधर पड़े थे। मौके पर मौजूद गोशाला संचालक कपिल को ग्रामीणों ने खरी-खोटी सुनाई।
ग्रामीणों पंकज, शिवा, नरेंद्र, रामलखन, नंदराम, माखनलाल, सुरजीत, भैयालाल, कुलविंदर और मणिपाल सहित कई लोगों ने बताया कि बीते एक सप्ताह में जंगली सियारों द्वारा एक दर्जन से अधिक गोवंश को मार दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीडीओ के जांच व कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद लापरवाही लगातार जारी है, जिसके चलते पिछले तीन दिनों में फिर से आधा दर्जन से अधिक गोवंश की मौत हो गई।
इस मामले में सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
