गुरु तेगबहादुर विवाद: भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आप नेता हिरासत में

विरोध प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली इकाई अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को रविवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

नयी दिल्ली। गुरु तेगबहादुर से जुड़े विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली इकाई अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को रविवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह प्रदर्शन भाजपा मुख्यालय के पास किया जा रहा था, जहां आप नेता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से माफी की मांग कर रहे थे।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी का एक “छेड़छाड़ किया हुआ” वीडियो प्रसारित किया है, जिसमें गुरु तेगबहादुर के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणी दिखाने का दावा किया गया। पार्टी का कहना है कि यह वीडियो जानबूझकर गलत तरीके से एडिट किया गया है ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके।

आप विधायक संजीव झा ने कहा, “गुरु तेगबहादुर से संबंधित फर्जी वीडियो बनाने के लिए भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। यह उनकी गंदी राजनीति है। दिल्ली के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए यह फर्जी वीडियो बनाया गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि लोग गुरु का यह अपमान कभी माफ नहीं करेंगे और भाजपा के सभी नेताओं को माफी मांगनी चाहिए।

वहीं, कानून मंत्री कपिल मिश्रा समेत दिल्ली भाजपा के नेताओं ने वीडियो के आधार पर आरोप लगाया है कि आतिशी ने पिछले वर्ष नवंबर में नौवें सिख गुरु के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़े मुद्दे पर विधानसभा में बहस के दौरान गुरु तेगबहादुर का अपमान किया था।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी को गुरु के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल के लिए माफी मांगनी होगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर आतिशी के कथित बयान का वीडियो क्लिप साझा करते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने गुरुओं के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को उठाया तो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पुलिस के जरिए कपिल मिश्रा पर एफआईआर दर्ज करवाई, जबकि पंजाब पुलिस को इसका अधिकार नहीं था।

सचदेवा ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता आतिशी का वीडियो साझा कर केजरीवाल और पंजाब पुलिस को चुनौती देगा और इस कथित अपमान के लिए आप नेतृत्व को माफी मांगनी पड़ेगी।

इस बीच, आतिशी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि वह भाजपा द्वारा प्रदूषण पर चर्चा से भागने और आवारा कुत्तों के मुद्दे पर विधानसभा में किए गए विरोध प्रदर्शन की बात कर रही थीं। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर वीडियो में गलत उपशीर्षक जोड़कर उसमें गुरु तेगबहादुर का नाम डाला, जिससे भ्रम फैलाया गया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *