गणतंत्र दिवस लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का महान उत्सव: राज्यपाल पटेल

लखनऊ | 25 जनवरी –उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का महान उत्सव है।

लोकभवन द्वारा जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें भारतीयता के उस गौरवपूर्ण स्वरूप का स्मरण कराता है, जो देश को विविधता में एकता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान न केवल प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करता है, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों का निरंतर बोध भी कराता है।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की शक्ति उसकी विविधता, सहिष्णुता और सहभागिता में निहित है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर भारत आज विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान की गरिमा, उसकी शक्ति और नागरिक दायित्वों को समझने तथा आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

अपने संदेश में राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर संविधान निर्माताओं के आदर्शों और महापुरुषों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें तथा एकजुट होकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *