लखनऊ | 25 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP), लखनऊ ने शनिवार को भव्य और अनुशासित तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया। पदयात्रा का नेतृत्व जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने किया।
यह तिरंगा पदयात्रा छोटा इमामबाड़ा से प्रारंभ होकर रूमी गेट, हुसैनाबाद तक पहुंची, जहां पूरे सम्मान और गरिमा के साथ इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज, हाथों में लहराता तिरंगा और “भारत माता की जय” तथा “संविधान बचाओ–लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति और जनचेतना से सराबोर रहा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया।
प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने कहा कि राष्ट्रवाद के नाम पर संविधान को कमजोर करने की कोशिशें चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा, “तिरंगे का सम्मान तभी सार्थक है, जब संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित रहें।” उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आम नागरिकों की ढाल बताते हुए कहा कि संविधान बदलने की बात करना जनता के अधिकारों पर प्रहार है।
जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है। “आम आदमी पार्टी ऐसी राजनीति का विरोध करती है और जनहित की राजनीति को मजबूती से आगे बढ़ाती रहेगी,” उन्होंने कहा।

शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि 26 जनवरी केवल ध्वजारोहण का दिन नहीं, बल्कि सत्ता से सवाल पूछने और समानता, न्याय व भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संविधान और लोकतंत्र पर कोई भी हमला हुआ, तो आम आदमी पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज बनेगी।
कार्यक्रम का समापन रूमी गेट पर सामूहिक राष्ट्रगान के साथ शांतिपूर्ण, गरिमामय और ऐतिहासिक ढंग से किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी, जिला अध्यक्ष इरम रिजवी, शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह, निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष वैभव प्रकाश सहित प्रखर श्रीवास्तव, ज्ञान सिंह कुशवाहा, बलराम साहनी, सुधीर पटेल, पी.के. बाजपेई, अनुज पाठक, राजेन्द्र राजश्री, बी.एन. खरे, नूर सिद्दकी, सलमान, फुरकान, फरजाना, नाज़िश, राम लाल बाल्मीकि, आसिम नगरानी, प्रीतपाल सलूजा, सईद, मनु वर्मा, चांदनी, अंगद, अनिल जैन, राजकुमार वर्मा, मुकेश शुक्ला, मजीद, अंशुमान, मनीष, दीपक, अमन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
