कश्मीर में ताज़ा बर्फबारी के साथ नए साल का स्वागत, मौसम में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद

कश्मीर में ताज़ा बर्फबारी के साथ नए साल का स्वागत, मौसम में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में नए साल का आगाज पर्यटन स्थलों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हुई ताज़ा बर्फबारी के साथ हुआ। गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन केंद्रों में रातभर हुई बर्फबारी बृहस्पतिवार सुबह तक जारी रही, जिससे नववर्ष का जश्न मनाने बड़ी संख्या में पर्यटक इन इलाकों में पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग ने दिन के दौरान मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने का अनुमान जताया है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के अलावा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी व्यापक हिमपात दर्ज किया गया। गुरेज की तुलेल घाटी, बांदीपोरा का राजदान टॉप, कुपवाड़ा के माछिल और साधना टॉप तथा जोजिला दर्रे में ताज़ी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात की संभावना बनी हुई है, लेकिन शाम तक मौसम में सुधार की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को भी इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की वर्षा या हिमपात का एक और दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि, बादलों की मौजूदगी के चलते रात के तापमान में तीव्र गिरावट नहीं हुई और अधिकतर स्थानों पर पारा हिमांक से ऊपर बना रहा।

अधिकारियों ने बताया कि ताज़ा बर्फबारी के बावजूद इस बार घाटी में सर्दी अपेक्षाकृत गर्म बनी हुई है। तापमान सामान्य से 1.2 से 6.3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। बुधवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है।

क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान गुलमर्ग रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 2.5 डिग्री कम है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री नीचे रहा, हालांकि यह भी सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। वहीं, कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से करीब पांच डिग्री अधिक है।

फिलहाल कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ की 40 दिवसीय भीषण ठंड की अवधि से गुजर रही है, जिसके दौरान आमतौर पर तापमान कई डिग्री तक शून्य से नीचे चला जाता है और मैदानी इलाकों में भी बर्फबारी होती है। हालांकि, इस सर्दी के मौसम में अब तक घाटी के मैदानी क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं हुई है, जिससे असामान्य रूप से गर्म सर्दी का अनुभव किया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *