उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएँ


अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश, “कोई भी पीड़ित निराश न लौटे”—मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने लखनऊ कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएँ ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा पहुंचे, जिन्होंने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक दोनों तरह की समस्याएँ सीधे उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

जनता दर्शन में प्रस्तुत मामलों में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मुद्दे, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मामले प्रमुख रहे। मौर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरी मामलों में अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करना चाहिए और पीड़ितों को समयबद्ध राहत प्रदान की जानी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन को जन संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे जमीनी हकीकत सीधे सामने आती है। उन्होंने कहा, “जनहित सर्वोपरि है। जरूरतमंदों और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। सरकार हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मौर्य ने फरियादियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर फरियादी की समस्या का त्वरित, संतोषजनक और पूर्ण समाधान किया जाए, ताकि किसी को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। महिलाओं, दिव्यांगजन, बुजुर्गों और गंभीर पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।

जनता दर्शन में दो दर्जन से अधिक जिलों से आए लोग शामिल हुए। कई मामलों में उप मुख्यमंत्री ने तत्काल उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों पर उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर तेजी से समाधान कराने के निर्देश दिए।

मौर्य स्वयं फरियादियों के पास पहुंचे, उनकी बात सुनी और भरोसा दिलाया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, “जनता की समस्याएँ मेरी प्राथमिकता हैं। हर पीड़ित को न्याय मिलेगा और कोई भी व्यक्ति निराश होकर वापस नहीं जाएगा।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *