उप्र सीईओ ने राजनीतिक दलों और मतदाताओं से एसआईआर अभियान में सहयोग की अपील

लखनऊ, 6 नवंबर – उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने बृहस्पतिवार को सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

सीईओ ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, समावेशी और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत 2003 की मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं को वर्तमान सूची से मैप किया जाएगा। रिणवा ने निर्देश दिया कि यह कार्य अगले तीन दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाए।

इस अवसर पर उन्होंने बूथ स्तर पर अधिकारियों की मदद के लिए बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत नहीं आने दी जाए और मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो।

नवदीप रिणवा ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर को लेकर जारी दिशा-निर्देशों, कार्यक्रमों और इसकी प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं और किसी भी अपात्र व्यक्ति को सूची में सम्मिलित न होने दिया जाए।

सीईओ ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक में पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि सभी स्तर पर सतर्कता बरती जाए ताकि अभियान सफल और त्रुटिरहित रूप से पूरा हो।

बैठक में शामली के जिला निर्वाचन अधिकारी की बिना सूचना अनुपस्थिति पर रिणवा ने असंतोष व्यक्त किया और उनसे स्पष्टीकरण मांगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों, मतदाताओं और संबंधित अधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि एसआईआर अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष इस अभियान में पूरी सक्रियता से भाग लेंगे और उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची और अधिक सटीक तथा भरोसेमंद बनेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *