नयी दिल्ली, 18 जनवरी: देश के उत्तरी हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। रविवार को कश्मीर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि पंजाब के अमृतसर में पारा लुढ़ककर 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली–मानेसर–पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण कई वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रक चालक समेत दो लोगों की जलकर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भी रविवार सुबह घने कोहरे के बीच दिल्ली–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कम से कम 20 वाहनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में, विशेषकर घाटी के ऊपरी इलाकों में, बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में यह शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों में छिटपुट स्थानों पर हल्का हिमपात हुआ। शिमला स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार, लाहौल एवं स्पीति जिले के कोक्सर और हंसा गांवों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।
हमीरपुर, ऊना और मंडी में भी शीतलहर की स्थिति बनी रही, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.1, 2.7 और 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 20 जनवरी तक हल्का हिमपात जारी रह सकता है, जबकि शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों और पड़ोसी हरियाणा में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। लुधियाना में 6.4 डिग्री, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री और बठिंडा में सात डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली रविवार सुबह घने कोहरे की चपेट में रही। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम होकर 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली को ‘येलो अलर्ट’ पर रखा है और दोपहर तक कई स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, पालम में आठ डिग्री, लोधी रोड में 6.8 डिग्री, रिज में 7.2 डिग्री और आयानगर में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुरुग्राम में यह 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री और रोहतक में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। राज्य के 11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद खूंटी में 3.9 डिग्री और पलामू में 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, झारखंड की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 8.2 डिग्री और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
