अब पाकिस्तान की हर इंच जमीन ब्रह्मोस की पहुंच में : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

लखनऊ, 18 अक्टूबर  — रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ में ‘ब्रह्मोस एयरोस्पेस’ इकाई में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप के अनावरण के अवसर पर पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अब उसकी एक-एक इंच जमीन ब्रह्मोस मिसाइल की पहुंच में है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस भारत की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन भारत की सैन्य क्षमताओं का केवल एक ट्रेलर था, जिसने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा, “अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, तो समय आने पर…” — इस वाक्य को अधूरा छोड़ते हुए उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कहा कि शेष बात वे स्वयं समझ सकते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि ब्रह्मोस अब केवल एक हथियार नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक बन गया है। उन्होंने बताया कि यह मिसाइल परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत समन्वय है, जो थलसेना, वायुसेना और नौसेना—तीनों के लिए समान रूप से उपयोगी है।

उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया कि ब्रह्मोस अब कोई सामान्य प्रणाली नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा का सबसे बड़ा व्यावहारिक प्रमाण बन चुका है।” उन्होंने कहा कि इस मिसाइल की विश्वसनीयता इतनी अधिक है कि आज बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक को इस पर गर्व है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत अब केवल सपने देखने वाला देश नहीं रहा, बल्कि उन्हें साकार करने की शक्ति भी रखता है। उन्होंने वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और आम नागरिकों को ब्रह्मोस जैसी प्रणाली के निर्माण में योगदान देने के लिए सराहा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में इसे एक बड़ा कदम बताया।

यह आयोजन भारत की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल देश की सुरक्षा को नई मजबूती मिली है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत का आत्मविश्वास भी और बढ़ा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *