आम आदमी पार्टी नेताओं की नहीं, जनता की पार्टी है: केजरीवाल

नयी दिल्ली, 26 नवंबर — आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर कहा कि 13 वर्षों में पार्टी की उपलब्धियां जनता के विश्वास और उसके कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा हैं।

पार्टी का गठन 26 नवंबर, 2012 को हुआ था। स्थापना दिवस के अवसर पर, ‘आप’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें दिल्ली में पहली बार उनकी पार्टी की सरकार बनने से लेकर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त करने तक के सफर को दर्शाया गया। वीडियो में केजरीवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी का भी उल्लेख किया गया।

इस मौके पर केजरीवाल ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, “यह पार्टी नेताओं की नहीं, जनता की पार्टी है।” उन्होंने आगे कहा, “चौपालों से लेकर सड़कों तक हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके बदलाव की लौ जलाई है। आज जो भी उपलब्धियां हैं, वे जनता के विश्वास और हमारे सिपाहियों की तपस्या का परिणाम हैं।”

केजरीवाल ने भरोसा दिलाया कि पार्टी का यह सफर और भी मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “सच्चाई, ईमानदारी और देशसेवा के इस मार्ग पर हमारा साथ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

पार्टी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज आम आदमी पार्टी की स्थापना के 13 गौरवपूर्ण साल पूरे हो गए हैं। अब तक हम देश को शिक्षा, स्वास्थ्य और काम की राजनीति का एक मॉडल दे चुके हैं। इस मॉडल की सराहना न केवल देश में बल्कि दुनियाभर में हो रही है।”

आम आदमी पार्टी की स्थापना वर्ष 2011 के भ्रष्टाचार-रोधी आंदोलन के बाद केजरीवाल और अन्य नेताओं ने की थी। वर्तमान में पार्टी पंजाब में सत्ता में है और दिल्ली में लगातार दो बार सरकार चला चुकी है।

निर्वाचन आयोग ने ‘आप’ को 2023 में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया था। पार्टी का चुनाव चिह्न झाड़ू है, जो उनकी सफाई और भ्रष्टाचार-रोधी छवि का प्रतीक माना जाता है।

केजरीवाल ने स्थापना दिवस के अवसर पर अपने संदेश में जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में पार्टी जनता की सेवा और बदलाव के अपने उद्देश्य में और भी मजबूती से आगे बढ़ेगी।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *