अयोध्या में खुला विश्व का पहला रामायण वैक्स संग्रहालय, 150 रुपये में करें त्रेता युग की अद्भुत यात्रा

अयोध्या में खुला विश्व का पहला रामायण वैक्स संग्रहालय,

अयोध्या, 21 जून। रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है। विश्व का पहला रामायण वैक्स (मोम) संग्रहालय आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकार्पण किए जाने के बाद अब श्रद्धालु यहां भगवान श्रीराम और रामायण काल के प्रमुख पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाओं का दर्शन कर सकेंगे।

पंचकोसी परिक्रमा मार्ग स्थित रामघाट चौराहे के निकट लगभग 9,850 वर्ग फुट क्षेत्र में बने इस अत्याधुनिक वातानुकूलित संग्रहालय के निर्माण पर करीब आठ से दस करोड़ रुपये की लागत आई है। नगर निगम के सहयोग से संचालित इस संग्रहालय में रामायण से जुड़े 50 प्रमुख पात्रों की सजीव मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो दर्शकों को त्रेता युग की अनुभूति कराती हैं।

संग्रहालय में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये रखा गया है। पांच वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। संग्रहालय प्रतिदिन सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक खुला रहेगा। प्रबंधन के अनुसार प्रारंभिक एक माह तक 150 रुपये शुल्क रहेगा, जिसके बाद इसे बढ़ाकर 200 रुपये किया जा सकता है।

संग्रहालय में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को रामधुन की मधुर स्वर लहरियां और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होगा। दक्षिण भारतीय वास्तुशैली पर आधारित इस भव्य परिसर में प्रत्येक प्रतिमा के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है, जिससे पात्र अत्यंत जीवंत प्रतीत होते हैं। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान सहित अनेक पात्रों की प्रतिमाएं रामायण की प्रमुख घटनाओं को साकार रूप में प्रस्तुत करती हैं।

संग्रहालय की विशेष आकर्षणों में रामलला के बाल स्वरूप की मोम प्रतिमा भी शामिल है, जिसके साथ श्रद्धालु स्मृति चित्र खिंचवा सकेंगे। भगवान श्रीराम के विभिन्न जीवन प्रसंगों को दर्शाती छह प्रतिमाएं तथा हनुमान जी की तीन विशेष प्रतिमाएं भी यहां स्थापित की गई हैं।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह संग्रहालय धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र साबित होगा।

संग्रहालय का निर्माण केरल की प्रसिद्ध सुनील वैक्स संग्रहालय कंपनी ने किया है। कंपनी के प्रमुख सुनील के अनुसार, रामायण के पात्रों और घटनाओं को अत्यंत सूक्ष्मता और वास्तविकता के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है, ताकि दर्शक स्वयं को त्रेता युग के वातावरण में महसूस कर सकें।

राम मंदिर के बाद अब यह रामायण वैक्स संग्रहालय अयोध्या की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *