समाधान दिवस में डीएम के सामने महिला बेहोश, जमीन विवाद से परेशान होकर पहुंची थी शिकायत करने

लखनऊ, 02 मई 2026 (यूएनएस)। लखनऊ में आयोजित समाधान दिवस के दौरान एक महिला जिलाधिकारी विशाख जी के सामने ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

यह घटना सरोजनी नगर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान हुई। अनौरा गांव निवासी 45 वर्षीय प्रिया यादव अपनी जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थीं। उन्होंने जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्या रखी, जिसके बाद वह पीछे खड़ी हो गईं। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गईं।

Sarojini Nagar Woman Faints at Samadhan Diwas | CHC Admission

तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद जिलाधिकारी विशाख जी समेत अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। महिला को उठाकर कुर्सी पर बैठाया गया और पानी छिड़का गया, लेकिन होश नहीं आने पर उन्हें तुरंत सरकारी वाहन से सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अब स्थिर है।

जमीन विवाद से थी परेशान

प्रिया यादव का अपने जेठ इंद्रजीत के साथ करीब 16 बिस्वा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जो सरोजनी नगर तहसील न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने और स्थगन आदेश न मिलने के बावजूद उनके जेठ विवादित जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जो हिस्सा दिया जा रहा है, वह वन विभाग की जमीन है, जहां वह कुछ भी निर्माण नहीं कर पा रही हैं क्योंकि वन विभाग के अधिकारी उन्हें रोक देते हैं।

पहले भी कर चुकी थीं शिकायत

बताया जा रहा है कि महिला ने करीब छह महीने पहले सरोजनी नगर एसडीएम न्यायालय में वाद दायर किया था, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली। इसी से परेशान होकर वह समाधान दिवस में जिलाधिकारी से शिकायत करने पहुंची थीं।

घटना ने एक बार फिर जमीन विवादों और प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी से होने वाली परेशानियों को उजागर कर दिया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *