कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर हिंसक झड़प, 10 की मौत

कराची, 1 मार्च: पाकिस्तान के कराची में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर रविवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़पों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी दूतावास परिसर का गेट तोड़कर भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हालिया मौत के बाद भड़का। बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य हमले में खामेनेई के मारे जाने की खबर फैलते ही शहर में तनाव बढ़ गया और विभिन्न समूहों ने विरोध मार्च का आह्वान किया।

सिविल अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. सुमैय्या सैयद ने बताया कि अस्पताल में अब तक 10 शव लाए गए हैं, जिनमें से कई पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 30 घायल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक असद रजा के मुताबिक, भीड़ द्वारा पुलिस पर पथराव और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि गोलीबारी भी हुई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सिंध के गृह मंत्री जिया उल हसन लंजार ने घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल रिपोर्ट तलब की और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराई जाएगी।

घटना के बाद दूतावास क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राहत कार्यों में जुटे ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारी अत्यंत उग्र हो गए थे और एंबुलेंस सेवाओं को भी बाधित किया गया।

इस बीच, अमेरिकी दूतावास ने एक बयान जारी कर पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *