देश में सबसे बेहतर बिजली आपूर्ति उत्तर प्रदेश में, सातवें साल भी नहीं बढ़ीं बिजली दरें: एके शर्मा

लखनऊ, 03 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगातार सातवें वर्ष भी बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां बिजली की दरें सबसे कम हैं और बिजली आपूर्ति सबसे बेहतर श्रेणी की है।

शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए बिजली का टैरिफ यथावत रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सरकार की जनकल्याणकारी नीति और गरीबों, किसानों, घरेलू तथा अन्य उपभोक्ताओं के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक बिजली मांग को सफलतापूर्वक पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया है। बेहतर विद्युत प्रबंधन और मजबूत आधारभूत ढांचे के कारण प्रदेश की बिजली व्यवस्था लगातार मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की चार्जिंग और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित सोलर आवर्स के दौरान बिजली दरों पर 20 प्रतिशत की टैरिफ छूट लागू की गई है। इससे हरित ऊर्जा के उपयोग और ईवी चार्जिंग को प्रोत्साहन मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों के समय जितनी बिजली तापीय स्रोतों से बनती थी, उससे अधिक क्षमता अब सौर ऊर्जा क्षेत्र में विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले तापीय उत्पादन क्षमता 5,180 मेगावाट थी, जबकि वर्तमान में 4,000 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 2,500 मेगावाट क्षमता विकसित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मिर्जापुर और मेजा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तापीय विद्युत परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। साथ ही पुराने तापीय संयंत्रों की कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां इन संयंत्रों का प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) लगभग 65 प्रतिशत था, वहीं अब यह बढ़कर 85 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में मिली ये उपलब्धियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लागू नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *